सर्बानंद सोनोवाल ने वैश्विक समुद्री क्षेत्र में अग्रणी देशों के समक्ष 10 अरब डॉलर के जहाज निर्माण अवसर प्रस्तुत किए
केन्द्रीय बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग (एमओपीएसडब्लयू) मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने वैश्विक जहाज निर्माताओं, शिपिंग कंपनियों और वित्तीय संस्थानों को निवेश के लिए आमंत्रित किया। अनुमान के अनुसार, पांच नए ग्रीनफील्ड तटीय जहाज निर्माण क्लस्टरों में लगभग 10 अरब डॉलर का निवेश होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि भारत का लक्ष्य वर्ष 2030 तक दुनिया के शीर्ष 10 जहाज निर्माण करने वाले देशों में और वर्ष 2047 तक शीर्ष पांच देशों में शामिल होना है।
सोनोवाल ने आज यहां बंदरगाह, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय द्वारा आयोजित इंडिया शिपबिल्डिंग इन्वेस्टमेंट कॉन्क्लेव 2026 में निवेश का आह्वान किया। उन्होंने जहाज निर्माण और जहाज मरम्मत उद्योग के लिए एक डिजिटल पोर्टल ‘नौकौश’ का भी शुभारंभ किया। बैठक के दौरान डेमन शिपयार्ड्स और कोचीन शिपयार्ड ने भविष्य की जहाज निर्माण परियोजनाओं में सहयोग के लिए एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए।
