केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड्स समारोह - 2026 को संबोधित किया
केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने आज आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा में रामोजी एक्सीलेंस अवार्ड्स समारोह - 2026 को संबोधित किया। इस अवसर पर आंध्र प्रदेश के राज्यपाल श्री सैयद अब्दुल नज़ीर, मुख्यमंत्री श्री चंद्रबाबू नायडू, केन्द्रीय मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी और श्री के. राम मोहन नायडू, राज्य के उप-मुख्यमंत्री श्री के. पवन कल्याण सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
अवार्ड समारोह को संबोधित करते हुए केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह ने कहा कि आज रामोजी राव जी की 90वीं जयंती है, लेकिन वह आज हमारे बीच नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कई व्यक्ति ऐसे होते हैं जो अपने जीवनकाल में काम करते-करते एक संस्था बन जाते हैं और उनके द्वारा स्थापित की गई संस्था देश को हमेशा प्रेरणा देने का काम करती है। श्री शाह ने कहा कि वह रामोजी राव जी से चार बार मिले और उन्हें आश्चर्य है कि उनके पास देश के कोने-कोने की खबरें होती थीं।
