उपराष्ट्रपति ने नई दिल्ली में वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज और सफदरजंग अस्पताल के रजत जयंती समारोह और 8वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में भाग लिया
भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन आज नई दिल्ली के भारत मंडपम में वर्धमान महावीर मेडिकल कॉलेज (वीएमएमसी) और सफदरजंग अस्पताल के रजत जयंती समारोह और 8वें वार्षिक दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्नातकोत्तर (पोस्टग्रेजुएट) और स्नातक (अंडरग्रेजुएट) विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए।
उपराष्ट्रपति ने चिकित्सा शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और समाज के प्रति 25 वर्षों की समर्पित सेवा पूरी करने पर वीएमएमसी और सफदरजंग अस्पताल परिवार को बधाई दी। उपराष्ट्रपति ने कहा कि ये पच्चीस वर्ष अर्जित विश्वास, लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन, ज्ञान के सर्जन और सेवा के प्रतीक हैं। उन्होंने इस अवसर को सीखने, उपचार करने और राष्ट्र-निर्माण की विरासत का उत्सव बताया।
उपराष्ट्रपति ने भारत के स्वास्थ्य सेवा और चिकित्सा शिक्षा क्षेत्रों के उल्लेखनीय विस्तार का जिक्र किया।
