केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने नए एम्स के कार्यकारी निदेशकों के साथ संस्थागत प्रदर्शन का आकलन करने व स्वास्थ्य सेवा डिलीवरी को मजबूत करने के लिए समीक्षा बैठक की
केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव श्रीमती पुण्य सलिला श्रीवास्तव ने आज यहाँ प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना (पीएमएसएसवाई) के तहत सभी नए एम्स के कामकाज की समीक्षा करने के लिए इन राष्ट्रीय महत्व के संस्थानों (आईएनआई) के सभी कार्यकारी निदेशकों के साथ एक बैठक की। पीएमएसएसवाई के अंतर्गत 22 एम्स स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 18 एम्स शिक्षण, प्रशिक्षण और अनुसंधान, आईपीडी/ओपीडी सुविधाओं, आपातकालीन और ट्रॉमा सेवाओं, डायग्नोस्टिक सुविधाओं, स्पेशियलिटी और सुपर-स्पेशियलिटी विभागों, अमृत फार्मेसी, जन औषधि केंद्रों आदि के साथ कार्यरत हैं, जबकि 4 एम्स निर्माण/संचालन के विभिन्न चरणों में हैं।
श्रीमती श्रीवास्तव ने नए एम्स के सुचारू संचालन में सभी कार्यकारी निदेशकों (ईडी) द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और 8 अप्रैल, 2025 को आयोजित केंद्रीय संस्थान निकाय (सीआईबी) की बैठक में लिए गए निर्णयों पर की गई कार्रवाई का संज्ञान लिया।
