राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और लोक सभा अध्यक्ष ने भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की
भारत की राष्ट्रपति, श्रीमती द्रौपदी मुर्मु; भारत के उपराष्ट्रपति और राज्य सभा के सभापति, श्री सी. पी. राधाकृष्णन; प्रधानमंत्री, श्री नरेन्द्र मोदी; लोक सभा अध्यक्ष, श्री ओम बिरला; विधि एवं न्याय मंत्रालय के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) तथा संसदीय कार्य मंत्रालय में राज्य मंत्री, श्री अर्जुन राम मेघवाल और अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने आज संसद भवन परिसर स्थित 'प्रेरणा स्थल' पर भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। देश भर में आज का दिन 'जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाया जा रहा है।
'धरती आबा' के रूप में पूजनीय भगवान बिरसा मुंडा एक महान स्वतंत्रता सेनानी और जनजातीय अधिकारों के प्रबल पक्षधर के रूप में भारतीय इतिहास में विशिष्ट स्थान रखते हैं। 'उलगुलान' आंदोलन के माध्यम से उन्होंने ब्रिटिश औपनिवेशिक शासन और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समुदायों को संगठित किया तथा जल, जंगल और जमीन पर उनके अधिकारों को बुलंद किया।
