एनआईएसडी ने सामाजिक रक्षा संबंधी पहलों को सुदृढ़ बनाने के लिए देशभर के विश्वविद्यालयों और संस्थानों के साथ हस्ताक्षरित 23 समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया
भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान (एनआईएसडी) ने आज यहां राष्ट्रीय राजधानी स्थित अपने परिसर में समझौता ज्ञापन (एमओयू) आदान-प्रदान समारोह का आयोजन किया।
इस समारोह में डॉ. वीरेंद्र कुमार, माननीय केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री, श्री सुधांश पंत, केंद्रीय सचिव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, डॉ. संदीप रेवाजी राठौड़, संयुक्त सचिव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय और श्री गौरव सिंह राजावत, निदेशक, एनआईएसडी, नई दिल्ली, और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
इस अवसर पर एनआईएसडी और देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं संस्थानों के बीच हस्ताक्षरित 23 समझौता ज्ञापनों (एमओयू) का आदान-प्रदान किया गया।
इनमें से 15 संस्थान इस समारोह में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहे, जबकि 8 संस्थान वर्चुअल माध्यम से इसके साथ जुड़े। इसके साथ ही, एनआईएसडी की संस्थागत साझेदारियों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है।
