भारत का क्रिटिकल मिनरल अभियान घरेलू और विदेशी, दोनों स्रोतों से खनिजों की आपूर्ति सुनिश्चित कर रहा है: श्री केशव चंद्र, सचिव, खान मंत्रालय
खान मंत्रालय और फिक्की की ओर से उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ आयोजित सीमित प्रतिभागियों की बैठक को संबोधित करते हुए, भारत सरकार के खान मंत्रालय के सचिव श्री केशव चंद्र ने भूवैज्ञानिक अन्वेषण, जिम्मेदार खनन, उन्नत प्रसंस्करण, अनुसंधान, रीसाइक्लिंग और तकनीक-आधारित प्रशासन व्यवस्था के माध्यम से इस क्षेत्र की वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने के लिए मंत्रालय के सुधार एजेंडे पर प्रकाश डाला। उन्होंने हाल ही में किए गए नीलामी संबंधी सुधारों की भी जानकारी दी। इनमें कुछ खनिजों के लिए न्यूनतम बोलीदाताओं की अनिवार्य संख्या में छूट देने और आशय पत्र (लेटर ऑफ इंटेंट) स्वतः जारी करने की व्यवस्था शामिल है।
उद्योग जगत की ओर से उठाई गई चिंताओं का विस्तार से जवाब देते हुए, श्री चंद्र ने प्रतिभागियों को मंत्रालय द्वारा अब तक की गई विभिन्न पहलों और उपायों के साथ-साथ विचाराधीन प्रस्तावों की जानकारी दी। उन्होंने खनिज ब्लॉकों के विकास से जुड़ी परिचालन संबंधी चुनौतियों पर भी चर्चा की।
