12,000 से ज्यादा श्रद्धालुओं ने पहले दो दिनों में नामसाई स्थित गोल्डन पैगोडा में भगवान शाक्यमुनि बुद्ध के पवित्र अवशेषों के दर्शन कर श्रद्धा अर्पित की
अरुणाचल प्रदेश के नामसाई स्थित गोल्डन पैगोडा (कोंगमु खाम) में शाक्यमुनि बुद्ध के पवित्र अवशेषों की प्रदर्शनी को श्रद्धालुओं की ओर से जबरदस्त प्रतिसाद मिला है। प्रदर्शनी में पहले दो दिन 14 और 15 नवंबर 2026 को ही 12,000 से अधिक श्रद्धालु पहुँचे और उन्होंने पवित्र अवशेषों के दर्शन किए। उन्होंने प्रार्थना की, पवित्र अवशेषों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की और भगवान बुद्ध का आशीर्वाद प्राप्त किया।
तवांग में 31,000 से अधिक और बोमडिला में 35,000 से अधिक श्रद्धालु पहुँचे थे। इसके साथ 15 नवंबर 2026 के अंत तक इन तीनों स्थानों पर कुल 78,000 से अधिक लोग दर्शन के लिए पहुँचे।
प्रदर्शनी शुरू होने के बाद से ही नामसाई जिले और आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु गोल्डन पैगोडा में एकत्र हो रहे हैं। श्रद्धालुओं की लंबी कतारें पवित्र अवशेषों के प्रति उनकी गहरी आस्था और श्रद्धा को दर्शाती हैं।
