राष्ट्रपति ने आईसीएमआर–राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान के स्वर्ण जयंती समारोह का उद्घाटन किया
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु ने आज भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद–राष्ट्रीय मलेरिया अनुसंधान संस्थान (आईसीएमआर–एनआईएमआर) के स्वर्ण जयंती समारोह का उद्घाटन किया। संस्थान से जुड़े पूर्व और वर्तमान वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं तथा स्वास्थ्यकर्मियों को बधाई देते हुए राष्ट्रपति ने याद किया कि मलेरिया ऐतिहासिक रूप से भारत की सबसे गंभीर सार्वजनिक स्वास्थ्य चुनौतियों में से एक रहा है। इसका विशेष प्रभाव ग्रामीण और जनजातीय समुदायों पर पड़ा है। गांवों में मलेरिया के प्रभाव को देखने के अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि इस बीमारी ने लोगों की आजीविका, शिक्षा और भविष्य को प्रभावित किया है। उन्होंने प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने और बीमारी को दोबारा होने से रोकने के लिए निर्धारित दवाओं का पूरा कोर्स लेने के संबंध में जन जागरूकता के महत्व पर जोर दिया।
