एपीडा (APEDA) ने वाराणसी से मेडागास्कर के लिए बिस्कुट की पहली खेप के निर्यात में मदद की
भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (एपीडा) ने उत्तर प्रदेश के वाराणसी से मेडागास्कर के लिए बिस्कुट की पहली खेप के निर्यात को रवाना करने में मदद की। यह पहल क्षेत्र के खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा देने और भारत के प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों की वैश्विक पहुंच का विस्तार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
भारत और मेडागास्कर के बीच एपीडा के निर्धारित उत्पादों का कुल व्यापार लगभग 990 करोड़ रुपये रहा। इसमें उत्तर प्रदेश का योगदान राज्य से मेडागास्कर को कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों के निर्यात के विस्तार की अप्रयुक्त संभावनाओं को दर्शाता है। निर्यात की गई बिस्कुट की खेप को सड़क मार्ग से वाराणसी से महाराष्ट्र के न्हावा शेवा (जेएनपीटी) ले जाया गया। इसके बाद समुद्री मार्ग से मेडागास्कर के टोअमासिना (तामाटावे) बंदरगाह तक भेजा गया।
