पंजाब में खेत बचाओ अभियान में केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने की सहभागिता
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज पंजाब के जिला साहिबजादा अजीत सिंह नगर (मोहाली) स्थित ग्राम बदरपुर में आयोजित 'खेत बचाओ अभियान' में सहभागिता कर प्रदेश के अन्नदाताओं को बड़ी सौगात दी। इस अवसर पर श्री चौहान ने पंजाब के कृषि मंत्री श्री गुरमीत सिंह खुड्डियां की उपस्थिति में प्रधानमंत्री राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (PM-RKVY) के अंतर्गत वित्त वर्ष 2026-27 हेतु द्वितीय मदर सैंक्शन के रूप में 254.20 करोड़ रुपए की राशि जारी करने का स्वीकृति पत्र सौंपा। इसके साथ ही राज्य की वार्षिक कार्ययोजना के तहत 98.44 करोड़ रु. की लागत वाली 7 नई कृषि परियोजनाओं को भी केंद्र सरकार की मंजूरी प्रदान की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री शिवराज सिंह ने खाद की कालाबाजारी व 'टैगिंग' करने वालों को जेल भेजने और नकली कीटनाशकों पर रोक लगाने के लिए कड़ा पेस्टिसाइड कानून बनाने का बड़ा ऐलान किया।
