देशभर के छावनी बोर्डों में वरिष्ठ नागरिक कल्याण योजनाओं के विस्तार के लिए सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग तथा रक्षा संपदा महानिदेशालय के बीच समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होंगे
सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग तथा रक्षा मंत्रालय के रक्षा संपदा महानिदेशालय के बीच 16 नवंबर को नई दिल्ली में एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
इस अवसर पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार उपस्थित रहेंगे।
इस समझौता ज्ञापन का उद्देश्य देशभर के छावनी बोर्डों में अटल वयो अभ्युदय योजना (अव्यय) के अंतर्गत वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण से जुड़ी योजनाओं को लागू करने के लिए दोनों संगठनों के बीच सहयोग और समन्वय का ढांचा तैयार करना है।
इस साझेदारी के अंतर्गत छावनी बोर्डों के बुनियादी ढांचे और प्रशासनिक नेटवर्क का उपयोग किया जाएगा। वहीं, सामाजिक न्याय और अधिकारिता विभाग योजनाओं के लिए वित्तीय सहायता और तकनीकी विशेषज्ञता उपलब्ध कराएगा। इससे वरिष्ठ नागरिकों को देखभाल, सहायता और सम्मानजनक जीवन जीने के अवसर मिल सकेंगे।
