माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने ‘समावेशी नीति संकल्प 2026’ के पूर्ण सत्र की अध्यक्षता की
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विभागीय शिखर सम्मेलन के आयोजन और सार्थक विचार-विमर्श को सुगम बनाने के लिए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की सराहना की। प्रधानमंत्री ने सामाजिक न्याय, सामाजिक सशक्तिकरण और नशामुक्त भारत के उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए सामूहिक कार्रवाई तथा ‘समग्र सरकारी दृष्टिकोण’ के महत्व पर जोर दिया।
राष्ट्रीय राजधानी स्थित सुषमा स्वराज भवन में गुरुवार को आयोजित दो दिवसीय विभागीय शिखर सम्मेलन ‘समावेशी नीति संकल्प’ के पूर्ण सत्र को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने सरकार की कल्याणकारी पहलों के परिवर्तनकारी प्रभाव को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गरीबी से बाहर निकले लगभग 50 करोड़ लोगों ने वास्तविक सामाजिक सशक्तिकरण का अनुभव किया है।
प्रधानमंत्री ने नशामुक्त भारत अभियान को राष्ट्रव्यापी ‘जन आंदोलन’ का रूप देने का आह्वान करते हुए जोर दिया कि नशामुक्त भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक, परिवार, शैक्षणिक संस्थान और समुदाय को अपना योगदान देना चाहिए।
