केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने नई दिल्ली में आयोजित ओमान के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व किया
नई दिल्ली, 20 नवंबर, 2026: केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने आज नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित ओमान सल्तनत के दूतावास में आयोजित राष्ट्रीय दिवस समारोह में भारत सरकार का प्रतिनिधित्व किया। श्री सोनोवाल इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। भारत में ओमान सल्तनत के राजदूत महामहिम ईसा सालेह अल शिबानी ने वरिष्ठ राजनयिकों, सरकारी अधिकारियों और अन्य विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति में उनका स्वागत किया।
श्री सर्बानंद सोनोवाल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारत सरकार और देश की जनता की ओर से महामहिम सुल्तान हैथम बिन तारिक, ओमान की सरकार तथा वहां के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ओमान में निरंतर शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना भी की।
केंद्रीय मंत्री ने दोनों देशों के बीच गहरे ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख करते हुए बताया कि लगभग पांच हजार वर्षों से नाविक और व्यापारी अरब सागर को पार करते रहे हैं।
