साझा सांस्कृतिक विरासत एससीओ देशों को जोड़ने वाला एक मजबूत माध्यम है : केंद्रीय मंत्री श्री गजेंद्र सिंह शेखावत
संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की मेजबानी में नयी दिल्ली में 20 से 22 नवंबर को आयोजित होने वाले 'पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यता संवाद मंच' के दूसरे दिन कई सत्रों का आयोजन किया गया। इन सत्रों में सभ्यताओं की सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों, कला एवं वास्तुकला में साझा विरासत तथा ऐतिहासिक व्यापारिक संबंधों पर ध्यान केंद्रित किया गया। इन सत्रों में एससीओ सदस्य देशों एवं संवाद भागीदार देशों के मंत्री, वरिष्ठ प्रतिनिधि, शिक्षाविद, इतिहासकार तथा कला और संस्कृति के विशेषज्ञ एक साथ आए। दिन भर चली चर्चाओं में सांस्कृतिक आदान-प्रदान, साझा कलात्मक परंपराओं और विभिन्न सभ्यताओं के बीच ऐतिहासिक संबंधों के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 20 नवंबर को इस सम्मेलन का उद्घाटन किया था।
