नशा मुक्त भारत अभियान के तहत अब तक 35.88 करोड़ से अधिक लोगों को जागरूकता अभियान का लाभ; 14.35 करोड़ से अधिक युवाओं और 11.33 करोड़ महिलाओं को किया गया जागरूक
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा 15 अगस्त, 2020 को शुरू किया गया नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) मादक पदार्थों के दुरुपयोग के खिलाफ देशव्यापी जन आंदोलन का रूप ले चुका है। देशभर में 12 नवंबर, 2026 तक इस अभियान की पहुंच 35.88 करोड़ से अधिक लोगों तक हो गई है।
इस अभियान के माध्यम से 14.35 करोड़ से अधिक युवाओं और 11.33 करोड़ महिलाओं को जागरूक किया गया है। इसके अतिरिक्त, 2 लाख से अधिक नागरिकों ने ‘नशा मुक्ति मित्र’ के रूप में अपना पंजीकरण कराया है। इससे नशामुक्त भारत के सामूहिक प्रयासों में सामुदायिक भागीदारी को मजबूती मिली है।
मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस अभियान की शुरुआत मादक पदार्थों के सेवन की दृष्टि से विशेष रूप से संवेदनशील 272 जिलों में की गई थी। अगस्त 2022 में इसका विस्तार करके 372 जिलों तक किया गया और 15 अगस्त, 2023 से इसे देश के सभी जिलों में लागू कर दिया गया।
