एलिफेंट्स इन द फॉग’ सामाजिक स्वीकृति और बहिष्कार के विरोधाभास की पड़ताल करती है: निर्देशक अभिनाश बिक्रम शाह
एक ऐसा समाज, जो शुभ अवसरों पर ट्रांसजेंडर महिलाओं का स्वागत करता है, लेकिन रोजमर्रा के जीवन में अक्सर उन्हें गरिमा और सामाजिक स्वीकृति देने से इनकार कर देता है। नेपाली फीचर फिल्म ‘एलिफेंट्स इन द फॉग’ इसी विरोधाभास को अपनी कहानी का केंद्रीय विषय बनाती है।फिल्म के निर्देशक एवं पटकथा लेखक अभिनाश बिक्रम शाह और मुख्य अभिनेत्री पुष्पा थिंग लामा ने गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) के दौरान एक प्रेस वार्ता में फिल्म और उससे जुड़े विषयों पर चर्चा की।
इस फिल्म ने 79वें कान फिल्म महोत्सव के ‘अन सर्टेन रिगार्ड’ खंड में जूरी पुरस्कार और बेस्ट साउंड क्रिएशन अवार्ड प्राप्त किया। इसके साथ ही, इसने अंतरराष्ट्रीय मंच पर नेपाली सिनेमा के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज की है।
नेपाल की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म ‘एलिफेंट्स इन द फॉग’ पिराती की कहानी है, जो एक ट्रांसजेंडर महिला और तीन बेटियों की मां है। वह अपने प्रिय पुरुष के साथ एक नया जीवन बसाने का सपना देखती है।
