यमुना नदी में मनोरंजक रिवर क्रूज सेवा शुरू होने के साथ दिल्ली के पर्यटन परिदृश्य में एक नया आकर्षण जुड़ने वाला है। केंद्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री श्री सर्बानंद सोनोवाल कल 10 नवंबर, 2026 को दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू और दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता की उपस्थिति में सोनिया विहार में इसका उद्घाटन करेंगे। यमुना नदी के सोनिया विहार-जगतपुर खंड में विकसित इस पहल का उद्देश्य नदी आधारित पर्यटन को बढ़ावा देना और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आने वाले पर्यटकों को मनोरंजन का एक नया साधन प्रदान करना है।
रिवर क्रूज सेवा उद्घाटन समारोह में पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग राज्य मंत्री श्री शांतनु ठाकुर तथा सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री श्री हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित रहेंगे। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग तथा सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण मंत्री श्री प्रवेश साहिब सिंह, पर्यटन मंत्री श्री कपिल मिश्रा और सांसद श्री मनोज तिवारी भी समारोह में शामिल होंगे।
स्रोत: PIB Press Releases — https://pib.gov.in/PressReleaseIframePage.aspx?PRID=2334409
